नई दिल्ली: भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में BRICS Summit 2026 का आगाज हो गया है। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में भारत के अलावा रूस, चीन, ब्राजील समेत BRICS के अन्य सदस्य देशों के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के बीच बड़ी खबर सामने आई है कि सदस्य देश एक साझा घोषणापत्र (Joint Declaration) जारी करने पर सहमत होते दिख रहे हैं।
एकतरफा युद्ध की होगी निंदा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, BRICS देशों के बीच साझा घोषणापत्र को लेकर सहमति बन रही है। खास बात यह है कि घोषणापत्र में किसी देश का सीधे तौर पर नाम लिए जाने की संभावना नहीं है। इसके बजाय किसी भी देश की ओर से किए गए एकतरफा युद्ध की निंदा की जाएगी। माना जा रहा है कि BRICS नेता शनिवार को घोषणापत्र को अंतिम मंजूरी दे सकते हैं और इसे शाम करीब 4 बजे जारी किए जाने की संभावना है।
ईरान-UAE के बीच तनाव कम करने की कोशिश
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच BRICS सम्मेलन की कूटनीतिक अहमियत और बढ़ गई है। सदस्य देश ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच मतभेद कम करने और साझा सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय संघर्ष के कारण तनाव बढ़ा है। BRICS में भारत, रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, इंडोनेशिया, इथियोपिया और UAE शामिल हैं।
ईरानी राष्ट्रपति का अमेरिका-इजराइल को संदेश
भारत दौरे पर पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को अमेरिका और इजराइल पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान दबाव और धमकी के आगे आत्मसमर्पण नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि तेहरान अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।
PM मोदी-पेजेश्कियान की अहम मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेजेश्कियान से मुलाकात कर सुरक्षित नौवहन और नाविकों की सुरक्षा पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए निकालने की जरूरत पर भी बल दिया। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। भारत ने 2026 में चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है। इसी वर्ष BRICS अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरे कर रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



