भारत में ब्रिक्स समिट के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात और बातचीत के लिए अपनी सहमति जताई है। जेलेंस्की ने कहा कि अगर दोनों नेताओं को दिसंबर में अमेरिका के मियामी में होने वाले G20 समिट में आमंत्रित किया जाता है, तो वह पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं।

पुतिन से आमने-सामने बातचीत को तैयार जेलेंस्की

जर्मन ब्रॉडकास्टर डॉयचे वेले (DW) को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की से पूछा गया कि यदि उन्हें और पुतिन को G20 बैठक में बुलाया जाता है, तो क्या वह रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके जवाब में उन्होंने कहा, “हां, बिल्कुल। हमें आना होगा, मिलना होगा, बात करनी होगी और फैसले लेने होंगे।” जेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की कूटनीतिक सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है।

पीएम मोदी ने भी दिया बातचीत और कूटनीति पर जोर

इस घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात भी अहम मानी जा रही है। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति को जरूरी रास्ता बताया।

अमेरिका की शांति पहल हुई तेज

अमेरिका ने भी लंबे समय से अटकी रूस-यूक्रेन शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश तेज कर दी है। अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर हाल ही में मॉस्को और कीव का दौरा कर चुके हैं। जेलेंस्की ने दोनों के रूस और यूक्रेन जाने को “अच्छा संकेत” बताया। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पुतिन के बीच फोन पर बातचीत भी हुई, जिसे क्रेमलिन ने सकारात्मक और रचनात्मक बताया।

G20 में रूस-यूक्रेन बातचीत की उम्मीद

अमेरिका के पास इस वर्ष G20 की अध्यक्षता है। ऐसे में मियामी में प्रस्तावित G20 बैठक को रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान की दिशा में संभावित कूटनीतिक मंच के तौर पर देखा जा रहा है। यदि जेलेंस्की और पुतिन आमने-सामने आते हैं, तो यह युद्ध समाप्त करने की कोशिशों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम हो सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m