रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS Summit 2026 में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। क्रेमलिन ने दोनों नेताओं की मुलाकात की पुष्टि की है।
व्यापार और आर्थिक सहयोग पर रहेगा फोकस
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, रूस भारत को अपना महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार मानता है और दोनों देशों के रिश्ते मॉस्को के लिए बेहद अहम हैं। मोदी-पुतिन वार्ता में द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक सहयोग और परिवहन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
दोनों देश कारोबार बढ़ाने, निवेश के नए अवसर तलाशने और अपनी-अपनी कंपनियों के लिए बाजार का विस्तार करने पर भी विचार कर सकते हैं। रूस के अनुसार, भारत और रूस के बीच अधिकांश भुगतान अब दोनों देशों की राष्ट्रीय मुद्राओं में हो रहे हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध और खाड़ी संकट भी एजेंडे में
बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध की मौजूदा स्थिति और इसके वैश्विक आर्थिक प्रभाव पर भी बातचीत हो सकती है। इसके अलावा फारस की खाड़ी में जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा बाजारों पर पड़ने को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा संभव है।
भारत को Su-57 बेचने की तैयारी
रूस की नजर भारत को अपने Su-57 पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान की बिक्री पर भी है। पेस्कोव ने संकेत दिया है कि Su-57 की बिक्री का मुद्दा रूस के एजेंडे में शामिल है। स्टील्थ तकनीक से लैस Su-57 को आधुनिक रडार, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम से सुसज्जित किया गया है।
9 महीने में पुतिन का दूसरा भारत दौरा
पुतिन इससे पहले 4 दिसंबर 2025 को भारत आए थे। यह रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनका पहला भारत दौरा था। उस यात्रा के दौरान मोदी-पुतिन वार्ता में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और आर्थिक सहयोग प्रमुख मुद्दे रहे थे।
BRICS Summit 2026: भारत की अध्यक्षता
भारत वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, UAE, सऊदी अरब और इंडोनेशिया समेत 11 देश शामिल हैं। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक सहयोग को मजबूत करना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



