नई दिल्ली: भारत में आयोजित दो दिवसीय BRICS Summit को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समिट की सफलता के लिए बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि भारत की अगुवाई में BRICS ने वैश्विक स्तर पर एक प्रभावशाली और वैकल्पिक मंच के रूप में अपनी भूमिका मजबूत की है।
चीन समेत कई देशों से मजबूत हुए संबंध
पटना में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि BRICS Summit 2026 के दौरान चीन, रूस, ईरान, UAE, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील समेत कई देशों के नेताओं के साथ अहम बातचीत हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कर आर्थिक संबंधों, सहयोग और साझा हितों पर चर्चा की।
रविशंकर प्रसाद ने खास तौर पर चीन की ओर से भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस, मलेशिया और ईरान के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।
New Delhi Declaration में पहलगाम हमले की निंदा
रविशंकर प्रसाद ने BRICS New Delhi Declaration में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा को भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। साथ ही उन्होंने BRICS के नतीजों पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस से जवाब देने को कहा।
मायावती ने भी मोदी सरकार की कूटनीति को सराहा
BSP प्रमुख मायावती ने भी BRICS Summit के साझा घोषणापत्र की तारीफ की। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र भारत की सूझबूझ और प्रभावी कूटनीति का परिणाम है। मायावती ने इसमें फिलिस्तीन समाधान और पहलगाम आतंकी हमले के उल्लेख को खास तौर पर महत्वपूर्ण बताया।
महबूबा मुफ्ती ने भी Delhi Declaration को बताया सकारात्मक
PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने BRICS New Delhi Declaration को सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने पहलगाम हमले, पश्चिम एशिया, गाजा, एकतरफा हमलों और प्रतिबंधों से जुड़े बयानों का स्वागत किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि BRICS की चेयर और मेजबान देश होने के नाते भारत को इन मुद्दों पर और मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



