करनाल। घर में अभी शादी की शहनाइयों की गूंज थमी भी नहीं थी कि खुशियां चंद घंटों में ही मातम जैसी मायूसी में बदल गईं। करनाल जिले के फुसगढ़ क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज ढाई दिन बाद ही एक नई-नवेली दुल्हन घर के सारे कीमती गहने और कपड़े समेटकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित दूल्हे ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाकर न्याय की गुहार लगाई है।

बिचौलिया महिला ने लिए थे ₹80 हजार

पीड़ित सोमपाल, जो पेशे से एक दिहाड़ी मजदूर है और घर में अपनी बूढ़ी मां के साथ रहता है, उसने बताया कि फुसगढ़ की ही रहने वाली रानी नाम की एक महिला ने उसका यह रिश्ता तय करवाया था। इस शादी को कराने के एवज में महिला ने उससे 80 हजार रुपये की मोटी रकम ली थी। यह शादी बीते दिनों यमुनानगर में पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी, जहां लड़की पक्ष की ओर से करीब 6-7 लोग गाड़ी में आए थे। शादी के बाद सोमपाल अपनी दुल्हन को लेकर बड़े अरमानों के साथ फुसगढ़ स्थित अपने घर लौटा था।

झांसा देकर पनवाड़ी की दुकान पर छोड़ा और हो गई फरार

पीड़ित के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन सिर्फ ढाई दिन ही घर पर रुकी। 19 सितंबर की शाम को शातिर दुल्हन ने दूल्हे को अपने जाल में फंसाया और उसे यमुनानगर में एक पनवाड़ी की दुकान पर किसी बहाने से छोड़ दिया। दुल्हन ने सोमपाल को वहीं इंतजार करने को कहा, लेकिन जब शाम के 6:30 बज गए और वह नहीं लौटी, तब सोमपाल को ठगी का अहसास हुआ। घर आकर देखा तो दुल्हन अलमारी में रखे सारे सोने-चांदी के जेवर और कीमती कपड़े लेकर गायब हो चुकी थी।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

इस धोखेबाज़ी के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने जब रिश्ता कराने वाली बिचौलिया महिला को थाने बुलाया, तो उसने लिखित में 80 हजार रुपये लौटाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बावजूद पुलिस इस मामले में कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठा रही है, जिससे पीड़ित परिवार लगातार इंसाफ के लिए थाने के चक्कर काटने को मजबूर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m