भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को अमेठी के जगदीशपुर में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए समाज के लोगों से अपनी जड़ों और पूर्वजों से जुड़ने की अपील की. उन्होंने स्वजातियों से एकजुट होकर समाज और राष्ट्र के हित में काम करने का आह्वान किया.
अमेठी. भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को अमेठी के जगदीशपुर में राहुल गांधी पर राजनीतिक निशाना साधा. वह ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजेश विक्रम सिंह के निजी प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. उन्होंने फीता काटकर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया और इसके बाद लोगों को संबोधित किया.
निजी हेलिकॉप्टर से पहुंचे
बृजभूषण शरण सिंह निजी हेलिकॉप्टर से जगदीशपुर पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज के लोगों से अपनी जड़ों, पूर्वजों और वंशावली के बारे में जानकारी रखने की अपील की.
उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के योगदान को समझना चाहिए. उनके मुताबिक अलग-अलग कालखंडों में पूर्वजों ने समाज और राष्ट्र के लिए नायक की भूमिका निभाई है.
अतीत से सीखने की अपील
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हमारे पूर्वज ज्ञान, कला और संस्कार के क्षेत्र में दुनिया का मार्गदर्शन करने वाले रहे हैं. उन्होंने ‘हम कौन थे, क्या हो गए हैं और क्या होंगे अभी, आओ विचारें आज मिलकर सभी’ पंक्तियों का उल्लेख करते हुए अतीत, वर्तमान और भविष्य पर विचार करने की जरूरत बताई.
उन्होंने राम, कृष्ण और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्वजों ने समाज को दिशा दी. अब समाज को भी आगे नायक की भूमिका निभानी है.
समाज और राष्ट्र का संदेश
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जीवन केवल अपने लिए नहीं होना चाहिए और समाज तथा राष्ट्र के लिए काम करने की जरूरत है. महाराणा प्रताप के संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने घास की रोटी खा ली, लेकिन अकबर के सामने समझौता नहीं किया.
उन्होंने महाराज रघु के त्याग और संघर्ष का भी उदाहरण दिया. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पूर्वजों ने स्वाभिमान और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया.
युवाओं को जोड़ा
उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास और जड़ों को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह जानना जरूरी है कि हम कौन थे, वर्तमान में हमारी स्थिति क्या है और भविष्य में हमें क्या करना है.
उन्होंने कहा कि गौरवशाली अतीत को भूलने से आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से दूर हो सकती हैं. साथ ही उन्होंने स्वजातियों से एकजुट होकर समाज और राष्ट्र के हित में काम करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, भाजपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रसिद्ध कथावाचक शांतनु महाराज समेत अयोध्या के कई धर्माचार्य और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे.



