गोंडा. पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को गोंडा में बाबा रामदेव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बाबा रामदेव के स्वदेशी अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति स्वदेशी की बात करता था, वह अब विदेशी चड्‌ढी तक बनाने लगा है. उन्होंने कहा कि अब बाबा रामदेव की बातों पर लोग कितना विश्वास करते हैं, यह सोचने वाली बात है.

बृजभूषण शरण सिंह गोंडा के रघुकुल विद्यापीठ में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे थे. यहां उन्होंने पांच ब्लॉक से आए 1000 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इसी दौरान उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट और बाबा रामदेव को लेकर बयान दिया.

इसे भी पढ़ें- UP में कैब कंपनियों की मनमानी पर कसेगा शिकंजा, नए नियम लागू, किराया बढ़ाने की सीमा तय

‘बाबा रामदेव आंदोलन करें तो मर्द की तरह आएं’

बाबा रामदेव के आंदोलन की चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण ने कहा कि आंदोलन करना चाहिए, उन्हें आने दीजिए. उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव में आंदोलन की क्षमता है, लेकिन इस बार उन्हें अलग अंदाज में आना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बाबा रामदेव से कह दीजिएगा कि सिंदूर और बिंदी पहनकर नहीं आएं, बल्कि मर्द की तरह आंदोलन करें. बृजभूषण ने दावा किया कि देश में नकली घी का कल्चर बड़े स्तर पर बाबा रामदेव लेकर आए. हालांकि ये उनके व्यक्तिगत आरोप हैं.

‘गांव-गांव में कैंसर फैल रहा, सरकार ने देर कर दी’

पूर्व सांसद ने यूपी सरकार की ओर से मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रतिबंध लगाने में काफी देर कर दी. उन्होंने कहा कि नकली तेल, नकली घी और नकली खाद्य पदार्थों से लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है. बृजभूषण ने अधिकारियों को सलाह देते हुए कहा कि नकली सामान बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन असली कारोबारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि नकली वालों को छोड़ दिया जाए और असली व्यापारियों को परेशान किया जाए.

WHO रिपोर्ट का दिया हवाला

बृजभूषण शरण सिंह ने दूध की गुणवत्ता को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट में दूध उत्पादन और खपत के अंतर का जिक्र किया गया था. उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से मिलावट को लेकर आवाज उठाते रहे, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि जब बड़ी संस्थाओं की रिपोर्ट सामने आती है तो लोग उसे गंभीरता से लेते हैं.

इसे भी पढ़ें- जापान की तकनीक, UP के किसानों की ताकत; खेती से बदलेगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था

गोंडा पहुंचने पर समर्थकों ने किया स्वागत

महिला पहलवानों से जुड़े मामले में दिल्ली की अदालत से बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह पहली बार गोंडा पहुंचे. इस दौरान अयोध्या से गोंडा तक उनके काफिले का कई जगह स्वागत किया गया. कई स्थानों पर समर्थकों ने फूल बरसाए और नारे लगाए. नवाबगंज क्षेत्र में एक मदरसे के बच्चों ने भी उनका स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए.