राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक रियल एस्टेट फर्म के कैशियर से नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, रियल एस्टेट फर्म का कैशियर नकदी लेकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसके पास मौजूद करीब डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पहले से थी रकम की जानकारी?
पुलिस के अनुसार, नितिन और करण पश्चिम विहार स्थित एक रियल एस्टेट फर्म में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। फर्म के मालिक निशांत ने दोनों कर्मचारियों को डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग देकर उसे कूचा घासीराम स्थित एक फर्म तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। दोनों कर्मचारी स्कूटी पर सवार होकर पश्चिम विहार से रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि जब दोनों सराय रोहिल्ला इलाके से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार 2 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद नितिन और करण ने पुलिस तथा फर्म मालिक निशांत को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की ताकि घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रूट का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बदमाशों को नकदी की जानकारी पहले से थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पश्चिम विहार स्थित फर्म कार्यालय से ही दोनों कर्मचारियों का पीछा कर रहे थे और उचित मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस फर्म कार्यालय और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) की टीमों को जांच में लगाया गया है।
नितिन ने पुलिस को बताया कि जब वे अशोका पार्क मेट्रो स्टेशन से इंद्रलोक की ओर जा रहे थे, तभी लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी युवक उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक आरोपी ने पिस्टल तान दी और नकदी से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश लाल रंग की पल्सर बाइक से पंजाबी बाग की दिशा में फरार हो गए। घटना के बाद नितिन और करण ने तुरंत पुलिस तथा फर्म मालिक को इसकी सूचना दी।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी लूट
सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग और बाड़ा हिंदूराव क्षेत्र लंबे समय से नकदी और कीमती सामान की लूट की वारदातों के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इन इलाकों में करोड़ों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से जुड़ी कई बड़ी लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ताजा वारदात ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

