आशुतोष तिवारी, रीवा। शहर में बीच उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक की बीच सड़क पिटाई हो गई। बहन से अफेयर पर भड़के भाई ने अपने दोस्त को लाठी-डंडों से जमीन पर लिटाकर बेरहमी से पीट दिया। मामला शिल्पी प्लाजा के पीछे का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक का अपने दोस्त की बहन के साथ अफेयर चल रहा था। इसकी जानकारी जब युवती के भाई को लगी तो वह गुस्से में आपा खो बैठा। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को पकड़ लिया और बीच सड़क पर ही मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवक को जमीन पर लिटाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाइश देकर भेज दिया क्योंकि दोनों पक्ष पुलिस में रिपोर्ट नहीं करना चाहते थे। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने के कारण शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सिविल लाइन थाना निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा का कहना है कि अगर किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

