हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर में ड्रग्स नेटवर्क की जांच अब सियासी गलियारों तक पहुंच गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ में नाना पटवारी का नाम सामने आया। वहीं, जीतू पटवारी ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

इंदौर पुलिस ने 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ इरफान और रानी उर्फ रानी भाई को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मानक गंगवानी और नाना पटवारी को ब्राउन शुगर की सप्लाई करने जा रहे थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, नाना पटवारी के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान उनकी गाड़ी सनशाइन कॉलोनी में मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे पुलिस की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और तलाश के बाद रवाना हो गईं।

उधर, जीतू पटवारी के कानूनी सलाहकार जय हड़िया का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया है कि नाना पटवारी को मौका मुआयना कराने के लिए साथ ले जाया गया है। उनका कहना है कि पुलिस ड्रग्स मामले में संलिप्तता की जांच कर रही है और यदि कोई भूमिका नहीं मिलती है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनके भाई को बिना सूचना हिरासत में लेकर राजनीतिक बदले का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे कानूनी दबाव से न डरेंगे और न झुकेंगे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

फिलहाल नाना पटवारी से पूछताछ जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या इस मामले में कोई नई कार्रवाई होती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m