कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का सपना दिखाकर महिलाओं को ठगी और शोषण का शिकार बनाने के आरोपों से जुड़ा एक मामला ग्वालियर से सामने आया है। झारखंड की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया है कि मैट्रिमोनियल साइट के जरिए उसकी मुलाकात ग्वालियर के रोहन वाल्टर से हुई। शादी का प्रस्ताव देकर उसे ग्वालियर बुलाया गया और रिसेप्शन कराया गया, लेकिन कोर्ट मैरिज के नाम पर टालमटोल की जाती रही। 

महिला का आरोप है कि उससे दो लाख रुपये से ज्यादा खर्च कराया गया। उसके नाम और नंबर का इस्तेमाल कर कई लोन लिए गए और अब उसे धमकियां मिल रही हैं। इतना ही नहीं, आरोपी के पिता पर भी शारीरिक शोषण की कोशिश का आरोप लगाया गया है। महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एफआईआर और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, झारखंड निवासी शिकायतकर्ता महिला दीपांजलि बारला का आरोप है कि मैट्रिमोनियल साइट पर ग्वालियर के शिंदे की छावनी क्षेत्र में रहने वाले रोहन वाल्टर ने खुद को योग्य जीवनसाथी बताकर विश्वास जीता। बातचीत के बाद उसे ग्वालियर बुलाया गया, जहां 4 अक्टूबर 2025 को होटल में शादी का रिसेप्शन आयोजित किया गया। महिला का कहना है कि रिसेप्शन और शादी की तैयारियों में दो लाख रुपये से ज्यादा खर्च उसी से कराया गया। लगातार उसका शारीरिक शोषण भी किया। कोर्ट मैरिज का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी रोहन और उसके परिवार ने साथ रखने से इनकार कर दिया।आज वह किराए के मकान में रहने को मजबूर है। वह अपनी मासूम बेटी के साथ न्याय के लिए दर दर भटक रही है।

महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रोहन ने उसके मोबाइल नंबर और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कई प्राइवेट लोन ले लिए। अब लोन रिकवरी एजेंट उसे फोन कर न्यूड फोटो वायरल करने जैसी धमकियां दे रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी के मोबाइल में मैट्रिमोनियल साइट से जुड़ी कई अन्य महिलाओं की तस्वीरें हैं और आशंका है कि तलाकशुदा और कमजोर वर्ग की महिलाओं को इसी तरह निशाना बनाया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने आरोपी के पिता पर भी शारीरिक शोषण का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने पुलिस से मांग की है कि पूरे गिरोह और इस कथित तरीके से महिलाओं को फंसाने के नेटवर्क की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

मामले में सीएसपी अतुल सोनी का कहना है कि शिकायत मिली है और इंदरगंज थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बहरहाल इस मामले में लगाए गए आरोप के आधार पर  पुलिस जांच कर रही है। लेकिन यह मामला एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा करता है कि क्या मैट्रिमोनियल साइटों के जरिए तलाकशुदा, कमजोर वर्ग और दूसरे राज्यों, खासकर झारखंड जैसे क्षेत्रों की महिलाओं को किसी शातिर प्लानिंग से निशाना तो नहीं बनाया जा रहा है? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m