कालाहांडी। ओडिशा के कालाहांडी जिले के मदनपुर रामपुर थाना अंतर्गत दमकरलाखुंटा पंचायत में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दमकरलाखुंटा पंचायत की सरपंच स्निग्धा राणा के पति और क्षेत्र के वरिष्ठ बीजेपी नेता फकीर राणा की अज्ञात बदमाशों ने नृशंस हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में शोक और भारी तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे फकीर राणा पंचायत कार्यालय के पीछे वाले अंधेरे रास्ते से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों से अचानक जानलेवा हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल फकीर राणा को तुरंत मदनपुर रामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी स्निग्धा राणा और ग्रामीणों ने पुरानी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फकीर राणा इलाके के एक लोकप्रिय नेता थे, इसलिए इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। सभी आरोपी व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
केसिंगा के एसडीपीओ संदीप माझी की देखरेख में मदनपुर रामपुर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ के अनुसार, शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी ही हत्या की मुख्य वजह नजर आ रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरी घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


