विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा ने कैडर वोटों को एकजुट करने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति बनाई है. राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की नवंबर में उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में कई रैलियां प्रस्तावित हैं.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपना राजनीतिक अभियान तेज करने की रणनीति बनाई है. पार्टी सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और परंपरागत कैडर वोटों को एकजुट करने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इस अभियान के तहत राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की कई रैलियां भी आयोजित की जाएंगी.
बसपा अब तक प्रदेश की करीब 100 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है. पार्टी प्रचार के दौरान मायावती के दिए नारे ‘वोट हमारा, राज हमारा’ को प्रमुखता से उठाएगी. पदाधिकारियों को राजनीतिक विरोधियों पर बयानबाजी करने के बजाय अपने मतदाताओं को एकजुट करने पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.
कैडर और युवाओं पर फोकस
विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही बसपा ने संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी की है. मायावती ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को चुनावी कामकाज में तेजी लाने के साथ बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.
चुनावी रणनीति के तहत युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए रैलियों और अन्य आयोजनों में जेन जी से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे. इनमें बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे विषय प्रमुख रहेंगे. पार्टी पदाधिकारियों को इन्हीं मुद्दों के आधार पर प्रचार अभियान आगे बढ़ाने को कहा गया है.
अंबेडकर स्थल पहुंचे वरिष्ठ नेता
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी शुक्रवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पहुंचे. मायावती के निर्देश पर उन्होंने छह दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित होने वाले श्रद्धा-सुमन समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया.
इस दौरान पदाधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. परिवर्तन स्थल पर टूट-फूट की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की.
आकाश आनंद की रैलियों का कार्यक्रम
विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा ने जनसभाओं की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है. राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की नवंबर और दिसंबर में कई रैलियां निर्धारित की गई हैं.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर को बिजनौर और 15 नवंबर को अयोध्या के बीकापुर में रैली होगी. इसके बाद 26 नवंबर को पंजाब और 29 नवंबर को कानपुर देहात के बिल्हौर में जनसभा आयोजित की जाएगी.
वहीं, छह दिसंबर को उत्तराखंड में आकाश आनंद की रैली प्रस्तावित है. इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी अपने चुनावी अभियान को विस्तार देने और संगठन के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी में है.

