जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। यह कार्रवाई सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर की CRPF यूनिट द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे ऑपरेशन अशदार के तहत की गई। सुरक्षाबलों ने मौके से एक AK राइफल समेत युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की है।

अशदार गली में शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार शाम बडगाम के अशदार गली इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जवानों ने संदिग्धों को चेतावनी देकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद इलाके में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि एक अन्य आतंकी के जंगल में छिपे होने की आशंका है। उसकी तलाश के लिए सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।

AK राइफल और अन्य सामान बरामद

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक AK राइफल और अन्य युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की। मारे गए आतंकवादी की पहचान को लेकर सेना की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षाबलों को गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि आतंकियों का एक समूह पुलवामा के पाखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ रहा है। इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज किया गया।

पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी

अधिकारियों ने पर्यटकों को दूधपथरी और आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। बताया गया है कि अभियान दूधपथरी के पास चल रहा है, इसलिए अगली सूचना तक पर्यटकों को वहां न जाने की सलाह दी गई है।

दूसरे आतंकी की तलाश में पीर पंजाल रेंज के घने जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है। इलाके की घेराबंदी मजबूत करने और आतंकियों को भागने से रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबल भी तैनात किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m