मुकेश मेहता, बुधनी। भेरूंदा विकासखंड से सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत बयां करता एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में हाथों में कलम थामने की उम्र वाले मासूम स्कूली बच्चे स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते और सफाई करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद इलाके की शिक्षा व्यवस्था और दावों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

आदिवासी ग्राम भिलाई की माध्यमिक शाला का बताया जा रहा वीडियो

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला भेरूंदा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य ग्राम भिलाई का है। वायरल हो रहे वीडियो में माध्यमिक शाला भिलाई के कई छात्र और छात्राएं हाथों में झाड़ू थामकर स्कूल परिसर की सफाई करते साफ दिखाई दे रहे हैं।

बच्चों से इस तरह श्रम करवाने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जमकर शेयर किया जा रहा है। हालांकि लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।

नौनिहाल कर रहे सफाई, तो फिर अमला किसलिए?

इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों का कहना है कि वे अपने बच्चों को स्कूल में उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजते हैं, न कि स्कूल परिसर की साफ-सफाई करने के लिए। जब सरकार स्कूलों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था के लिए बकायदा बजट और अमला मुस्तैद करती है, तो फिर इन मासूमों के हाथों में झाड़ू क्यों थमाई गई?

जांच के बाद क्या होगी कार्रवाई?

मामला सामने आने के बाद अब सबकी नजरें जिला शिक्षा विभाग पर टिकी हैं। अब देखना यह होगा कि क्या शिक्षा विभाग के आला अधिकारी इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर जांच टीम गठित करते हैं? बच्चों से पढ़ाई के समय सफाई कराने के पीछे स्कूल प्रबंधन या शिक्षकों की क्या मंशा थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m