बुलंदशहर के खुर्जा में शादी के दौरान दूल्हे शादाब के 6 सेकेंड में 17 राउंड फायरिंग करने का 2022 का वीडियो सामने आया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं.
बुलंदशहर. खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में दूल्हे की वेशभूषा में शादाब नाम का युवक पिस्टल से करीब 6 सेकेंड में लगातार 17 राउंड फायरिंग करता दिखाई दे रहा है.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. शादाब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं.
2022 की शादी का वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो वर्ष 2022 का है. आरोप है कि शादाब ने अपनी शादी के दौरान लगातार 17 राउंड फायरिंग की थी.
आरोपी की पहचान शादाब पुत्र सफीक के रूप में हुई है, जो खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तरीनान का निवासी बताया गया है.
पिस्टल की भी जांच
वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई पिस्टल को जिगाना पिस्टल बताया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने आरोपी शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है. गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं.
सीओ ने दी जानकारी
खुर्जा के सीओ शोभित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दूल्हे की वेशभूषा में एक व्यक्ति फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. उसकी पहचान शादाब पुत्र सफीक, निवासी मोहल्ला तरीनान, थाना खुर्जा के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि शादाब ने वर्ष 2022 में अपनी शादी के दौरान फायरिंग की थी. थाना खुर्जा नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.



