रांची। राजधानी रांची में HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची जिला प्रशासन की टीम को बुधवार को बस्तीवासियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हरमू बाईपास रोड इलाके में दर्जनों JCB और बुलडोजर के साथ पहुंची टीम ने जैसे ही कार्रवाई की तैयारी शुरू की, स्थानीय लोग मशीनों के सामने आ गए। देखते ही देखते कई प्रदर्शनकारी JCB पर चढ़कर बैठ गए, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान रोकना पड़ा।
JCB के सामने बैठकर जताया विरोध
प्रशासन की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही बस्ती में रहने वाले लोग एकजुट हो गए। लोगों ने JCB और बुलडोजर को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कुछ लोग मशीनों के ऊपर बैठ गए, जिससे प्रशासन के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।
बस्तीवासियों का कहना है कि वे करीब 60 वर्षों से यहां रह रहे हैं। ऐसे में अचानक मकान तोड़े जाने की कार्रवाई से उनके सामने रहने का गंभीर संकट पैदा हो जाएगा।
बोले- पहले मिले वैकल्पिक आवास
विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मकान तोड़ने से पहले उनके लिए वैकल्पिक या स्थायी आवास की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि बस्ती में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी रहते हैं। अगर घर तोड़ दिए गए तो उनके रहने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।
लोगों का आरोप है कि पहले प्रशासन की ओर से बस्ती नहीं तोड़ने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में दोबारा JCB और बुलडोजर के साथ कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसके बाद बस्तीवासियों ने सभी मशीनों को घेर लिया।
पुनर्वास की मांग पर अड़े बस्तीवासी
बस्ती के लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं और उनके पास जाने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। उनका कहना है कि सरकार को पहले पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए और इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।लोगों ने HEC की जमीन पर बनी बस्तियों के लिए स्थायी या वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
विरोध को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों के मुताबिक, HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन को मिले आदेश के तहत की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि HEC की जमीन पर जो भी निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में आता है, उसे आदेश के अनुसार हटाया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित जमीन HEC की है और अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन को कार्रवाई का निर्देश प्राप्त हुआ है।
पहले भी चल चुका है अतिक्रमण हटाओ अभियान
रांची में HEC की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए इससे पहले भी अभियान चलाया जा चुका है। पिछली कार्रवाई के दौरान कई घरों और झोपड़ियों को हटाया गया था। अब एक बार फिर अभियान शुरू होने के बाद प्रशासन और बस्तीवासियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है।
फिलहाल बस्तीवासी JCB और बुलडोजर को घेरकर कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन के चलते अतिक्रमण हटाने का अभियान प्रभावित हुआ है।



