कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में शुक्रवार तड़के लगभग 2 बजे एक खौफनाक मुठभेड़ हो गई. पूंडरी से फरल मार्ग पर पुलिस की नशा विरोधी टीम और नशा तस्करों के बीच जोरदार गोलीबारी हुई. पुलिस ने घेराबंदी करके 5 तस्करों को दबोच लिया. इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी. वहीं पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भी बरामद किया है.

जैकेट ने बचाई पुलिस अधिकारी की जान

पकड़े गए तस्कर काले रंग की गाड़ी में सवार होकर आ रहे थे. पुलिस को पहले से ही गुप्त सूचना मिली थी. टीम ने सड़क पर नाका लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया. लेकिन तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस के वाहन में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तस्करों की गाड़ी सड़क से नीचे खेतों में उतर गई. इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी.

6 राउंड चली गोलियां

इस मुठभेड़ के दौरान कुल 6 गोलियां चलीं. बदमाशों की तरफ से 2 गोलियां दागी गईं. इनमें से एक गोली पुलिस टीम के प्रभारी की सुरक्षा जैकेट पर जा लगी. गनीमत रही कि जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई. इसके बाद पुलिस की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई में 4 गोलियां चलाई गईं. एक गोली मटौर गांव के रहने वाले संदीप नाम के बदमाश के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया.

अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल बदमाश

पुलिस ने मौके से घायल संदीप समेत उसके 4 अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया. गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 48 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ. पुलिस ने नशीला पदार्थ और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है. घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गिरोह कहां से नशा लाता था और किसे बेचने जा रहा था.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m