रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अशोका आईकन में एक कारोबारी के घर से करीब 70 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव और उसके साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका बरामद कर ली गई है, जिसमें 51 लाख 50 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

परिवार के बाहर जाते ही रची चोरी की साजिश

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी पंकज अग्रवाल अशोका आईकन, मोवा रायपुर में रहते हैं। 26 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर में उस दौरान उनका घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था। महेन्द्र को 14 जुलाई से काम पर रखा गया था और वह पहले भी उनके यहां काम कर चुका था। शाम करीब 7 बजे परिवार के वापस लौटने पर मुख्य द्वार बंद मिला, जबकि घर की लाइट बंद थी। पीछे का गेट खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर बेडरूम और अलमारी के दरवाजे खुले मिले। जांच करने पर अलमारी में रखी लाखों रुपये की नगदी, लॉकर में रखे सोने के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव और कार्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पंडरी थाने में मामला दर्ज किया गया।

CCTV फुटेज से खुला पूरा राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही प्रार्थी और उसके परिजनों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। सीसीटीवी फुटेज में घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव एक बैग लेकर घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य संदिग्ध भी मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को क्रमवार खंगाला। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर की ओर रवाना हो गए।

RPF नागपुर की मदद से रेलवे स्टेशन पर दबोचे गए आरोपी

आरोपियों के ट्रेन से नागपुर की ओर फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क किया। आरोपियों के फोटो, हुलिए और अन्य आवश्यक जानकारी साझा की गई। इसके बाद RPF नागपुर की टीम की मदद से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

किराए के वाहन से पहुंचे थे रेलवे स्टेशन

पूछताछ में आरोपी महेन्द्र कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी होने का फायदा उठाते हुए दोनों ने अलमारी और लॉकर में रखी नगदी व सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी पिंटू यादव की मोटरसाइकिल से घटना स्थल से निकले और घड़ी चौक पहुंचे। वहां मोटरसाइकिल को पार्किंग में खड़ा करने के बाद किराये के वाहन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। पुलिस से बचने के लिए दोनों समता एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर की ओर फरार हो गए थे।

51.50 लाख नगद समेत 70 लाख का सामान बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका बरामद कर ली है। इसमें 51 लाख 50 हजार रुपये नगद, सोने के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. महेन्द्र यादव, पिता संतलाल यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी आसना तरी, दुर्गा मंदिर के पास, थाना ओडनीडेम, जिला बांका, बिहार। वर्तमान पता-प्रार्थी का मकान, अशोका आईकन, मोवा, रायपुर।
  2. पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव, पिता बिलास सिंह यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम आसना तरी, दुर्गा मंदिर के पास, थाना ओडनीडेम, जिला बांका, बिहार। वर्तमान पता-आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m