रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत और पवित्र रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मां ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से अपनी ही दो नाबालिग बेटियों का सौदा कर दिया और उन्हें अलग-अलग पुरुषों के पास पत्नी की तरह रहने के लिए सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए पीड़िताओं की मां सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

21 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला 

शाहपुर थाना पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को नाबालिग बालिकाओं के साथ यौन शोषण और बलात्कार के इस गंभीर मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान 23 अगस्त को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।

पैसे के लेनदेन और हैवानियत की दास्तान 

दिसंबर 2024 से पहली नाबालिग पीड़िता को अलग-अलग समय पर आरोपी गिरधर (पिता भूरमल), शेर सिंह (पिता कुटलिया) और बाद में गोविंदा (पिता पप्पू) के पास रखा गया। जांच में आरोपी गोविंदा से संबंधित 1 लाख रुपये के आर्थिक लेनदेन की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरी नाबालिग पीड़िता को आरोपी कमलेश (पिता नानसिंह) के पास रखा गया था। इंसानियत को झकझोर देने वाली बात यह है कि आरोपियों द्वारा लगातार किए गए यौन शोषण और बलात्कार के कारण दोनों नाबालिग बालिकाएं गर्भवती हो गई हैं। पुलिस ने दोनों का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया है।

शाहपुर थाना सब-इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएनए (DNA) परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िताओं के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, आर्थिक लेनदेन के सबूत और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल कर केस को मजबूत बनाया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बालिकाओं की कलयुगी मां, गोविंदा (पिता पप्पू) और कमलेश (पिता नानसिंह) शामिल हैं। पुलिस की टीमें फरार चल रहे शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m