गाजीपुर। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक प्राइवेट बस सड़क हादसे का शिकार हो गई और अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे पानी में पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना से इलाके में कोहराम मच गया है।
30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी बस
यह पूरा मामला जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र का है। जहां सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस गाजीपुर से बलिया के भरौली जा रही थी। जैसे ही बस पखनपुरा ईदगाह के पास पहुंची अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना खतरनाक था कि बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए और जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर निकलने लगे। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पानी में डूबे एक व्यक्ति की तलाश जारी है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन के माध्यम से बस को पानी से बाहर निकला और घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में बस में सवार प्रदीप राय नाम के यात्री की मौत हो गई। वहीं पानी में डूबे एक व्यक्ति की तलाश जारी है।
READ MORE: ‘भाजपा राज में महिलाएं अपमानित…’, अखिलेश ने बोला करारा हमला, कहा- योगी सरकार के 2 कार्यकाल बिना किसी उपलब्धि के समाप्ति की ओर
यातायात व्यवस्था पूरी तरह रहा ठप
पुलिस ने बताया कि बस ड्राइवर गाड़ी को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में चला गया और पूरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद तकरीबन दो घंटे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रहा।

