नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। यह घटना सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बघोला के पास हुई। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और अन्य राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन बस के दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण नहीं खुल पा रहे थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस की रफ्तार तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए धीमा हो गया था। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया।
यातायात फिर से बहाल
अब रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया गया है और यातायात फिर से बहाल हो गया है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि बस चालक की गलती थी या कोई तकनीकी खराबी। एक्सप्रेसवे पर अक्सर होने वाली तेज रफ्तार की घटनाओं ने प्रशासन के सामने सुरक्षा के बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से धैर्य और सावधानी बरतने की अपील की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

