कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। दिल्ली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है जिसके तार हरियाणा तक जुड़े है। जिस महिला पर परिवार की जिम्मेदारी थी, उसी पर अपने पति को बर्बाद करने और सास को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रचने का आरोप लगा है। मामला तब खुला जब जांच एजेंसियों को अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ इनपुट मिले और पूरे घटनाक्रम की परतें एक-एक कर सामने आने लगीं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच में सामने आया कि एक कारोबारी की पत्नी ने पहले अपने ही पति से 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की योजना बनाई। इसके बाद कथित तौर पर अपनी सास की हत्या करवाने और पति पर जानलेवा हमला कराने की साजिश भी रची गई। इस पूरे षड्यंत्र को अंजाम देने के लिए कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े बदमाशों का सहारा लिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी नगर निवासी सपना जैन और हरियाणा के सोनीपत निवासी 29 वर्षीय रजत, जिसे गोगी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लगातार संपर्क था और साजिश को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।
स्पेशल सेल अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था, कितने शूटर या अन्य सहयोगी जुड़े थे तथा रंगदारी और हत्या की योजना कितनी आगे बढ़ चुकी थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि समय रहते इस साजिश का खुलासा होने से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस सनसनीखेज साजिश से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
- वैशाली नाव हादसा: CM सम्राट, तेजस्वी और PM मोदी ने जताया दुख, 6 लाख मुआवजे का ऐलान
- Weather Update: एमपी में नए वेदर सिस्टम सक्रिय, ग्वालियर-चंबल से लेकर जबलपुर तक आंधी-तूफान और गरज-चमक के आसार
- Morning News Brief: ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश; INDIA गठबंधन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन फिलहाल स्थगित किया
- CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज!
- MP Morning News: आज नवरात्रि का चौथा दिन, लाडली बहनों के खातों में आएंगे 1500 रुपए, सीएम के कई कार्यक्रम, रेवेन्यू कलेक्शन बढ़ा, राष्ट्रीय पोषण माह में एमपी तीसरे स्थान पर
