Automobile Desk: घरेलू वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) ने काफी हद तक अपने इलेक्ट्रिक SUV पोर्टफोलियो को भारतीय ग्राहकों के लिए सुलभ बना दिया है। अपनी बेहद चर्चित ‘बैटरी-ऐज-ए-सर्विस’ (BaaS) स्कीम का दायरा बढ़ाते हुए कंपनी ने इसे अपनी पूरी ‘ओरिजिन सीरीज’ में शामिल कर लिया है। इस नए फाइनेंसिंग मॉडल के लागू होने से गाड़ियों की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत में लगभग 7 से 8 लाख रुपये तक की सीधी गिरावट दर्ज की गई है।
इस नई रणनीति का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब ग्राहकों को गाड़ी खरीदते वक्त बैटरी की पूरी कीमत एक साथ चुकाने की मजबूरी खत्म हो गई है। वाहन की मूल बॉडी और उसकी बैटरी के वित्तीय ढांचे को कंपनी ने अलग-अलग हिस्सों में विभाजित कर दिया है। इसके तहत ग्राहक गाड़ी की चेसिस और बॉडी के लिए अलग फाइनेंस चुन सकते हैं, जबकि बैटरी का भुगतान उसके उपयोग के हिसाब से प्रति किलोमीटर की दर से किया जाएगा।
Mahindra की इस नई नीति का लाभ अब BE 6 SPORTEQ, XEV 9S और XEV 9e—इन तीनों ही गाड़ियों के हर एक वेरिएंट पर दिया जा रहा है। शुरुआती आंकड़ों पर नज़र डालें तो इस स्कीम के तहत BE 6 SPORTEQ की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.45 लाख रुपये तय की गई है। इसके साथ ही ग्राहकों को बैटरी इस्तेमाल करने के बदले 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर का हिसाब देना होगा।
इसी क्रम में XEV 9S मॉडल को 12.65 लाख रुपये की शुरुआती रेंज में पेश किया गया है, जहाँ बैटरी इस्तेमाल का शुल्क समान रूप से 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर ही रखा गया है। वहीं इस सीरीज की प्रीमियम पेशकश XEV 9e की बेस प्राइस 13.90 लाख रुपये निर्धारित हुई है, जिसमें भी प्रति किलोमीटर बैटरी यूसेज चार्ज 3.75 रुपये ही लागू होता है।
ऑटोमोबाइल बाज़ार के जानकारों का मानना है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाने में सबसे बड़ा रोड़ा उनकी भारी-भरकम शुरुआती कीमत हुआ करती थी। महिंद्रा ने ग्राहकों के शुरुआती रिस्पॉन्स को देखते हुए ही इस लचीले पेमेंट मॉडल को अपने सभी नए मॉडल्स पर लागू करने का फैसला लिया है। बैटरी की कीमत हट जाने से डाउन पेमेंट और शुरुआती ईएमआई का बोझ काफी हद तक हल्का हो जाता है। हालांकि, महिंद्रा की तरफ से बैटरी फाइनेंसिंग की समय सीमा और उससे जुड़ी अन्य कानूनी शर्तों के स्पष्ट ब्योरे का सामने आना अभी बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


