देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है. 1 अगस्त 2026 से मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की सभी कारें 30,000 रुपये तक महंगी होने जा रही हैं. इसे लेकर कंपनी का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण उन्हें ये फैसला लेना पड़ रहा है. हालांकि कंपनी ने पिछले कई महीनों से लागत कम करने के लिए कई कदम उठाया है, लेकिन कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण अब कंपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है.

मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) कंपनी के मुताबिक, स्टील, एल्यूमीनियम, कीमती धातुओं, अन्य कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल खर्च में लगातार बढ़ोतरी होने से कंपनी के लिए पुराने दामों पर कारें बेचना मुश्किल हो गया है. यही कारण है कि कंपनी ने ये फैसला लिया है.

हर मॉडल की कार पर होगी अलग बढ़ोतरी

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की सभी मॉडल्स की कीमतों में एक समान बढ़ोतरी नहीं की जाएगी. अलग-अलग कारों और वेरिएंट के अनुसार कीमत में बढ़ोतरी होगी. इसका सीधा मतलब ये है कि कुछ मॉडल्स पर कम और कुछ पर ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगा. लेकिन कंपनी ने ये साफ कर दिया है कि अधिकतम कीमत 30,000 रुपये तक ही बढ़ाई जाएगी.

मई 2026 में भी कंपनी ने कहा था कि वह लागत कम करने के लिए वो लगातार प्रयास कर रही है. वहीं फरवरी 2026 में मारुति ने बताया था कि सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं सहित कई जरूरी कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में कंपनी कीमतों में एक और बढ़ोतरी पर विचार कर रही थी. वहीं, शेयर बाजार में भी इस खबर का असर देखने को मिला. मंगलवार दोपहर करीब 3:29 बजे BSE पर मारुति का शेयर 122.55 रुपये की तेजी के साथ 13,630 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया.

भारत में इन मॉडल्स की है अच्छी मांग

मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की नई कीमतें लागू होने पर आपको पहले की तुलना में ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है. भारत में मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की Alto K10, WagonR, Swift, Baleno, Brezza, Fronx, Dzire, Ertiga और Grand Vitara जैसी कारों की देशभर में अच्छी मांग है.