राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश में जल्द होने वाले कैबिनेट विस्तार से पहले प्रशासनिक और सांगठनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। सरकार की हालिया परफॉर्मेंस रिपोर्ट में कमजोर पाए गए पांच मंत्रियों पर गाज गिरना लगभग तय माना जा रहा है। वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित 31 मंत्री हैं और 4 खाली पदों को भरने के साथ ही कुछ मंत्रियों की छुट्टी कर नए चेहरों को मौका देने की तैयारी पूरी हो चुकी है, जिसमें सागर से लेकर इंदौर तक के कद्दावर नाम रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
पांच के नाम संभावित दौड़ में शामिल
दरअसल नए चेहरों में पांच के नाम संभावित दौड़ में शामिल है। सरकार की परफॉमेंस रिपोर्ट में मंत्री कमजोर पाए गए। समीक्षा और विवादों के कारण रिपोर्ट कमजोर हुई है। पिछले दिनों हुई समीक्षा के बाद की रिपोर्ट अपडेट हुई है। फेरबदल हुआ तो पांच मंत्रियों की छुटटी हो सकती है, कुछ मंत्री बने भी रहे तो विभाग बदले जा सकते हैं।
विभागीय प्रदर्शन में सवाल उठे थे
कर्नल सोफिया कुरैशी मामले में मंत्री विजय शाह घिरे हुए हैं। कोर्ट के फैसले के आधार पर फैसला संगठन करेगा। वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया गया। जाति प्रमाण-पत्र मामले में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी घिरी हुई हैं। हाईकोर्ट ने राज्य स्तरीय जांच समिति से रिपोर्ट मांगी है। सटटा विवाद में परिजन का नाम सामने आया था। पंचायत विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह के काम से भी सरकार खुश नहीं है। विभाग के प्रदर्शन को लेकर हालिया समीक्षा में सवाल उठे थे। कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना का विभागीय कामकाज तो संतोषजनक है, लेकिन रेत खनन और माफिया को लेकर आए बयान उनका पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहे है।
इनको मिल सकता है मौका
मंत्रिमंडल के नए चेहरों में सागर से प्रदीप लारिया प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. लारिया को पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह की काट के रूप में देखा जा रहा है। पन्ना से पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के नाम की भी चर्चा हैं। सिंधिया खेमे से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की मंत्रिमंडल में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं। महिला चेहरे के रूप में बात की जाए तो सांसद से विधायक बनाई गईं रीति पाठक और इंदौर से मालिनी गौड़ को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। कुछ राज्य मंत्रियों का प्रमोशन कर कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं। कुछ नए चेहरों को भी मंत्री बनने का मौका मिल सकता है।


