रांची। JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज मंगलवार को झारखंड बंद का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बंद की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बंद सुबह 8 बजे से शुरू होगा और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में बंद का आह्वान किया गया है।भाजपा ने छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
‘छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले 17 दिनों से छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया।
उन्होंने कहा कि छात्रों पर कई बार लाठीचार्ज किया गया और रात में भी कार्रवाई की गई। भाजपा का दावा है कि कार्रवाई में बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए हैं। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा 24 घंटे छात्रों के साथ खड़ी है।उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को राज्य सरकार से सीबीआई जांच कराने या समर्थन वापस लेने पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
बाबूलाल मरांडी बोले- बिना देरी CBI जांच का आदेश दें CM
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्र JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और नौकरी बेचे जाने के आरोपों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर वार्ता के नाम पर छात्रों को टालने का आरोप लगाया।
मरांडी ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई बर्बरतापूर्ण है और यह पहली बार नहीं है जब आंदोलनकारी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई हो। उन्होंने पिछले वर्षों में हुई विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में भी अनियमितताओं के आरोपों का जिक्र किया।
JPSC-JSSC की कई परीक्षाओं का उठाया मुद्दा
बाबूलाल मरांडी ने JSSC-CGL, PGT, उत्पाद सिपाही भर्ती और JPSC की 11वीं-13वीं एवं 14वीं परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई आगे चलकर कमजोर पड़ सकती है।
‘जब गड़बड़ी नहीं हुई तो CBI जांच से परहेज क्यों?’
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे सवाल करते हुए कहा कि यदि सरकार को भरोसा है कि भर्ती परीक्षाओं में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो सीबीआई जांच कराने में परेशानी क्या है?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बिना किसी विलंब के पूरे मामले की सीबीआई जांच का आदेश देना चाहिए। भाजपा ने छात्रों की मांगों के समर्थन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज के झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की है।


