हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बरवाला क्षेत्र की गैबीपुर नहर पर शनिवार को तीन युवकों ने खूनी खेल खेला। यहां उन्होंने दो दोस्तों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में 25 साल के विष्णु की मौके पर ही जान चली गई। वहीं उसका 23 साल का साथी पारस बुरी तरह घायल हो गया। पारस का बरवाला के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। विष्णु बुढ़ाखेड़ा गांव का रहने वाला था।

घायल पारस ने पुलिस को पूरी कहानी बताई है। उसने बताया कि वह अपने दोस्त विष्णु के साथ गैबीपुर नहर पर गाड़ी धोने गया था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने विष्णु को बात करने के बहाने अपने पास बुलाया। बातचीत चल ही रही थी कि अचानक तीनों ने विष्णु पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया।

दोस्त को भी मारा चाकू

जब पारस ने अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। हिसार में चाकूबाजी की घटना का खौफ ऐसा था कि हमलावरों ने पारस की गर्दन और छाती पर भी कई वार किए। वह किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकला। लेकिन हमलावर विष्णु पर लगातार चाकू से वार करते रहे। इससे विष्णु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पहले भी कर चुके थे शिकायत

पारस ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में प्रभुवाला गांव का रहने वाला रवि भी शामिल था। पारस का कहना है कि उस पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। उसने पुलिस की हेल्पलाइन 112 पर इसकी शिकायत भी दी थी। लेकिन तब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। अगर पहले ही कार्रवाई होती तो शायद आज विष्णु जिंदा होता।

गाड़ी चलाने का करता था काम

मृतक विष्णु खेती के साथ गाड़ी चलाने का काम करता था। विष्णु के परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस और डीएसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विष्णु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह अभी साफ नहीं है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।