नरेश शर्मा, रायगढ़। महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में पुलिस विशेष अभियान ‘अभियान संवेदना’ चला रही है। इस अभियान के तहत महिला संबंधी शिकायतों और लैंगिक अपराधों के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म के आरोप में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
परिचित युवक ने शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
पहले मामले में एक नाबालिग बालिका (16 वर्ष) की ओर से उसके पिता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया है कि आरोपी विकास नामदेव (25 वर्ष), निवासी ढिमरापुर का उनके परिवार में आना-जाना था। आरोपी और उसके परिजनों द्वारा बालिग होने पर नाबालिग से विवाह करने की बात कही गई थी, जिसके बाद आरोपी का घर आना-जाना बढ़ गया और वह बालिका को अपने घर भी ले जाता था।
शिकायत के अनुसार मार्च 2024 में आरोपी विकास नामदेव ने नाबालिग को अपने घर ले जाकर बालिग होने पर शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो एवं वीडियो भी बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने प्रभाव में रखता था।


पीड़िता ने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद महिला थाना में अपराध क्रमांक 55/2026 के तहत धारा 65(1) बीएनएस, 4, 6 पॉक्सो एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास नामदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। फिर उसका मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
नाबालिग बालिका को घर से ले जाकर किया दुष्कर्म
दूसरे मामले में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार दो जून 2026 की रात्रि में परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे। देर रात जब महिला की नींद खुली तो उसकी बेटी बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास तलाश की पर बालिका नहीं मिली। दूसरे दिन सुबह बालिका अभिनेश चौहान के घर मिली।
बालिका से पूछताछ करने पर बताया कि दो जून को रात करीब 11.30 बजे अभिनेश चौहान जबदस्ती अपने घर ले गया और अपने कमरे में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और परिवारवालों को मारने की धमकी दी। परिजनों ने सलाह करने के बाद 5 जून को अपने नाबालिग लड़की के साथ महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल आरोपी अभिनेश चौहान (26 साल) को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

