अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के ​कटनी शहर के रिहायशी इलाके में अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शहर के बीचों-बीच स्थित रचनानगर कॉलोनी में गुरुवार को छापेमारी कर, घर के बाजू में अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के लहलहाते हुए हरे पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना अंतर्गत बस स्टैंड चौकी पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि रचनानगर कॉलोनी की गली नंबर 2 में एक युवक अपने घर के पास खाली पड़ी कब्जे की जमीन का दुरुपयोग कर रहा है और समाज की नजरों से छिपकर वहां अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान के निर्देशन में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

जब पुलिस टीम ने रचनानगर स्थित संदिग्ध स्थल पर घेराबंदी कर जांच की, तो नजारा चौंकाने वाला था। आरोपी के घर के ठीक बगल वाली जमीन पर गांजे के हरे-भरे पौधे लहलहा रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी पौधों को जड़ से उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया। तोलने पर जब्त किए गए इन हरे पौधों का कुल वजन 726 ग्राम पाया गया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।

​पुलिस ने इस अवैध खेती के आरोप में मौके से ही 23 वर्षीय युवक अक्षत कुमार जार पिता आनंद कुमार जार, निवासी रचना नगर कॉलोनी, गली नंबर 2 को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पु लिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एण्ड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8 और 20 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m