रमेश सिन्हा, पिथौरा। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक JETTA कार के सीक्रेट चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में बिहार के कैमूर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और एक मोबाइल फोन समेत 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाई जा रही थी गांजाकी खेप
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि MH 02 CD 3140 नंबर की JETTA कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा की खेप लाई जा रही है।
नाकाबंदी कर पुलिस ने कार को पकड़ा
सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध कार पहुंची, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम श्रवण यादव (39 वर्ष), निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) बताया। पुलिस द्वारा गांजा तस्करी की सूचना से अवगत कराने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में बने एक गुप्त (सीक्रेट) चेंबर से 18 पैकेट में कुल 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा मदन रामपुर (ओडिशा) से लाकर रायपुर (छत्तीसगढ़) में खपाने की योजना बना रहा था, लेकिन जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 37.940 किलोग्राम गांजा (कीमत 18.97 लाख रुपये), गांजा परिवहन में प्रयुक्त JETTA कार (कीमत 6 लाख रुपये) तथा एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 25.02 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी का नाम श्रवण यादव (39 वर्ष) निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) का रहने वाला है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

