जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड होने और उन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात कही।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की। ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां मिलीं, जिन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जांच की तो 14 बोरियों में कुल 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम निकला।

पुलिस ने गांजे के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की गई है।

ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तरप्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

नशे के कारोबार के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की समेत एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m