एक्शन और एडवेंचर से भरपूर टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शोज में से एक ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ (Khatron Ke Khiladi 15) को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है. शो के होस्ट और मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) ने आखिरकार साउथ अफ्रीका के केपटाउन में चल रहे लंबे और चुनौतीपूर्ण शूटिंग शेड्यूल को पूरा कर लिया है. रोहित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए इस कठिन सफर के खत्म होने की जानकारी दी.

बता दें कि रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) ने एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह शेड्यूल बेहद थका देने वाला और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन साथ ही यह एक शानदार अनुभव भी था. उन्होंने बताया कि इस बार कंटेस्टेंट्स और पूरी टीम को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. रोहित ने दर्शकों से वादा किया कि जुलाई में शुरू होने वाले इस सीजन में ‘डर का नया दौर’ देखने को मिलेगा, जिसमें ऐसे खतरनाक स्टंट्स होंगे जो पहले कभी नहीं दिखाए गए.
इस बार पुराने खिलाड़ी भी आयेंगे नजर
इस बार शो में कई नए और पुराने खिलाड़ियों का दमदार मुकाबला देखने को मिला. नए चेहरों में गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट और अविनाश मिश्रा जैसे नाम शामिल हैं, जबकि अनुभवी कंटेस्टेंट्स के तौर पर रुबीना दिलैक, करण वाही और जैस्मीन भसीन ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. जानकारी के मुताबिक, यह शो जुलाई 2026 के पहले वीकेंड पर प्रसारित हो सकता है और ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ की जगह ले सकता है.
फिर होंगे खतरनाक स्टंट्स
शो के दौरान कई मुश्किल टास्क और खतरनाक स्टंट्स के बीच कंटेस्टेंट्स ने अपनी हिम्मत का परिचय दिया. फाइनल की दौड़ में करण वाही, अविनाश मिश्रा और फरहाना भट्ट के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. ऐसे में ट्रॉफी के लिए असली मुकाबला कौन करेगा और कौन ट्रॉफी अपने घर लेके जाएँगे ये देखना रोमांचक रहेगा.
विनर का नाम है सीक्रेट
हालांकि केपटाउन की शूटिंग पूरी होने के बावजूद शो के विजेता का नाम अभी सामने नहीं आया है. यही बात इस सीजन को और भी दिलचस्प बना रही है. आमतौर पर दर्शक मान लेते हैं कि विदेशी लोकेशन पर शूटिंग खत्म होने के साथ ही विजेता भी तय हो जाता है, लेकिन इस बार मेकर्स ने अलग रणनीति अपनाई है. केपटाउन में केवल ग्रैंड फिनाले तक के स्टंट्स और एपिसोड्स की शूटिंग की गई है, जबकि विनर की घोषणा वाला एपिसोड अभी शूट नहीं हुआ है.
मुंबई में होगा विनर के नाम का खुलासा
शो का अंतिम एपिसोड और ट्रॉफी सेरेमनी मुंबई में एक भव्य सेट पर फिल्माई जाएगी. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण शो के परिणाम को गोपनीय रखना बताया जा रहा है. यदि विजेता का नाम पहले ही सामने आ जाए तो दर्शकों का रोमांच कम हो सकता है. यही वजह है कि मेकर्स ने अंतिम फैसले को आखिरी समय तक सुरक्षित रखने का प्लान बनाया है. अब पहले शो टीवी पर प्रसारित होगा और दर्शक हर हफ्ते कंटेस्टेंट्स की रोमांचक यात्रा तथा खतरनाक स्टंट्स का आनंद लेंगे. इसके बाद जब शो अपने अंतिम चरण में पहुंचेगा, तब मुंबई में ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा और विजेता के नाम से पर्दा उठेगा.
फिलहाल रोहित शेट्टी मुंबई लौटकर शो के पोस्ट-प्रोडक्शन कार्यों में जुटने वाले हैं. वहीं फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर कौन ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की ट्रॉफी अपने नाम करेगा.

