Kanwar Yatra Delhi: सावन माह में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचने वाले शिवभक्त कांवड़ियों ( Kanwariya) के स्वागत और उनकी सुविधाओं के लिए दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भारत की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में आने वाला प्रत्येक शिवभक्त स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और अपनत्व से घिरा हुआ महसूस करे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां सेवा भाव के साथ की जाएं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए तथा सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर होगा कांवड़ियों का भव्य स्वागत
कांवड़ यात्रा के दौरान राजधानी में प्रवेश करने वाले शिवभक्तों के स्वागत के लिए दिल्ली सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। सरकार की ओर से दिल्ली के प्रमुख प्रवेश मार्गों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं का पारंपरिक और सम्मानजनक तरीके से स्वागत किया जा सके। इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। सरकार का कहना है कि इन आयोजनों का उद्देश्य श्रद्धालुओं का सम्मान करना और उनके धार्मिक उत्साह को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कांवड़ यात्रा के दौरान राजधानी के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्वयं कांवड़ियों का स्वागत करेंगी।
कांवड़ समितियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू
कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए दिल्ली सरकार ने कांवड़ समितियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य समितियों को अनुमति और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था के तहत कांवड़ समितियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सभी आवश्यक अनुमति और समन्वय संबंधी कार्य एक ही मंच के माध्यम से पूरे किए जाएंगे, जिससे प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और तेज होगी।
कांवड़ शिविरों में 24 घंटे मिलेंगी सुविधाएं
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी कांवड़ शिविरों में 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल शौचालय लगाए जाएं और उनकी नियमित सफाई एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियां सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को दिन-रात चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक स्वास्थ्य संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे।
सरकार ने शिविरों में स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए, ताकि यात्रा श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


