गुरुग्राम। Car Black Box : सड़क दुर्घटनाओं की सही वजह पता लगाने और समय पर राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुग्राम के एक छात्र ने ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो भविष्य में कारों के लिए ब्लैक बॉक्स की तरह काम कर सकता है। लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया मेमोरियल स्कूल की 11वीं कक्षा के छात्र पार्थ धीमान ने एक ऐसा डिवाइस विकसित किया है, जो वाहन की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर दुर्घटना की स्थिति में महत्वपूर्ण जानकारी सुरक्षित रख सकता है।
हादसे की वजह जानने में मिलेगी मदद
अब तक ब्लैक बॉक्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से हवाई जहाजों में किया जाता रहा है, लेकिन पार्थ का तैयार किया गया मॉडल कारों के लिए इसी तरह की तकनीक पर आधारित है। दुर्घटना होने पर यह वाहन से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा को सुरक्षित रख सकता है, जिससे हादसे के कारणों की जांच आसान हो सकती है।
AI और टेलीकॉम तकनीक से जोड़ने की तैयारी
पार्थ इस मॉडल को और उन्नत बनाने पर काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेलीकॉम तकनीक से जोड़ना है, ताकि दुर्घटना होने पर यह सिस्टम स्वतः स्थानीय प्रशासन, पुलिस या एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट भेज सके। इससे राहत कार्य शुरू होने में कम समय लग सकता है।
चीन में किया भारत का प्रतिनिधित्व
17 वर्षीय पार्थ स्कूल के हैक क्लब से जुड़े हैं। उन्होंने करीब तीन महीने की मेहनत से तीन अलग-अलग तकनीकी मॉडल तैयार किए। इन्हीं परियोजनाओं के आधार पर उनका चयन चीन के शेन्जेन में आयोजित प्रतिष्ठित Hack Club Fallout कार्यक्रम के लिए हुआ, जहां उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सीखा नया अनुभव
शेन्जेन में पार्थ ने दुनिया के कई युवा नवाचारकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया। इस दौरान उन्होंने हार्डवेयर डिजाइन, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) तैयार करने, तकनीकी समस्याओं के समाधान और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण से जुड़े व्यावहारिक अनुभव हासिल किए। उन्होंने Hack Club के संस्थापक ज़ैक लट्टा सहित कई विशेषज्ञों से भी मुलाकात की।
‘यह शुरुआत है, मंजिल नहीं’
पार्थ का कहना है कि यह उपलब्धि उनके लिए अंत नहीं बल्कि नई शुरुआत है। उनका सपना इंजीनियरिंग और इनोवेशन के क्षेत्र में और बड़े स्तर पर काम करना है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचार जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


