पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला में सड़क पर साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक कार चालक के साथ लात-घूंसों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। 

मामला मंडला के कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक देर रात एक ट्रक के सामने अचानक गाय-बैल आ गए थे। जिसके चलते ट्रक चालक ने वाहन रोक दिया। इसी दौरान पीछे से बोलेरो में सवार कुछ युवक पहुंचे और साइड नहीं देने की बात को लेकर ट्रक चालक से गाली-गलौज और विवाद करने लगे। 

बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने युवकों को समझाने की कोशिश की लेकिन बात और बिगड़ गई। आरोप है कि बोलेरो सवार युवकों ने कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। पूरी घटना किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर खुलेआम गुंडागर्दी और मारपीट को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर घटना के पूरे तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस की कार्रवाई और पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल सवाल यही है कि आखिर सड़क पर साइड देने जैसे मामूली विवाद में बात मारपीट तक कैसे पहुंच गई और क्या पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m