नवोदित, कुरुक्षेत्र. मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवक अपनी कार पुल पर खड़ी कर अचानक लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

लापता युवक की पहचान पुनीत के रूप में हुई है। वह कैथल जिले के गांव कौल का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार कुछ राहगीरों ने पुल पर संदिग्ध हालत में खड़ी कार देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कार के अंदर कोई नहीं मिला। हालात को देखते हुए तुरंत गोताखोरों की टीम को बुलाया गया और नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया।

फिलहाल पुलिस और गोताखोर भाखड़ा नहर में युवक की तलाश कर रहे हैं। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

युवक के मामा के बेटे सतीश कुमार ने बताया कि पुनीत उनकी बुआ का बेटा है और गांव कौल का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि सुबह परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि वह कहां गया है। बाद में पुलिस ने नहर के पास खड़ी गाड़ी मिलने की सूचना दी।

पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में अभी तक किसी तरह का सुसाइड नोट या अन्य सुराग नहीं मिला है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर के आसपास पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की जा रही है।