पारादीप। ओडिशा के पारादीप तट के पास बंगाल की खाड़ी में पनामा-ध्वज वाले एक बल्क कैरियर (मालवाहक जहाज) डूब गया। जहाज के दो चीनी नाविकों को सुरक्षित बचाकर गुरुवार को पारादीप बंदरगाह लाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षित बचाए गए दोनों नाविकों की पहचान पैन टोंगलाई (Pan Tonglai) और चेन जियानहे (Chen Jianhe) के रूप में हुई है। ये दोनों लाइफ राफ्ट (जीवन रक्षक नाव) के सहारे समुद्र में तैरते हुए पाए गए थे। 22 अगस्त को मर्चेंट टैंकर ‘MT आइसपोस’ (MT Aispos) ने उन्हें समुद्र से निकाला। इसके बाद दोनों को भारतीय तटरक्षक बल (ICG) के जहाज ‘वरद’ में स्थानांतरित कर तट पर लाया गया।

उल्लेखनीय है कि 225 मीटर लंबा मालवाहक जहाज ‘MV ओशन विनर’ (MV Ocean Winner) लगभग 71,000 टन लोह अयस्क (Iron Ore) लेकर पारादीप से सिंगापुर/चीन के लिए रवाना हुआ था। समुद्र के बीच अचानक इस जहाज से संपर्क टूट गया। इसके बाद ‘विक्ट्री स्टार ग्रुप कंपनी लिमिटेड’ द्वारा 22 अगस्त को श्री विजय पुरम (पोर्ट ब्लेयर) स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) को लापता होने की सूचना दी गई।

इस जहाज पर कुल 24 चालक दल (क्रू मेंबर्स) सवार थे, जिनमें से 20 चीनी नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक, 1 बांग्लादेशी नागरिक थे।

सूचना मिलने के तुरंत बाद भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना और अन्य एजेंसियों ने एक व्यापक खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया। पारादीप से लगभग 230 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में हवाई निगरानी के लिए नौसेना के P-8I विमान को तैनात किया गया था, जिसने समुद्र में बहते हुए तीन लाइफ राफ्ट देखे थे। शेष 22 चालक दल के सदस्यों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m