सर्दी के मौसम में गोभी, गाजर, मटर से बनी सब्जी, हलवा और पराठा खाना हर किसी को पसंद होता है. गोभी और मटर की सब्जी हो या फिर गाजर का टेस्टी हलवा लोग बड़े चाव से खाते हैं. गाजर का सीजन भी अब जाने वाला है. ऐसे में अगर आप सालभर या महीनों तक गाजर का हलवा खाना चाहते हैं, तो उसे स्टोर करने का सिंपल तरीका जान लीजिए.

गाजर को फ्रीज करके स्टोर करें

यह तरीका लंबे समय तक गाजर सुरक्षित रखने के लिए बेस्ट है. इसके लिए ताजी, लाल और सख्त गाजर चुनें. अच्छी तरह धोकर छील लें. अपनी जरूरत के हिसाब से कद्दूकस कर लें या छोटे टुकड़ों में काट लें. अब 2–3 मिनट के लिए उबलते पानी में डालकर ब्लांच करें. तुरंत ठंडे पानी (बर्फ वाले पानी) में डाल दें. पानी पूरी तरह सुखाकर एयरटाइट जिप बैग या डिब्बे में भरें. फ्रीजर में रख दें. इस तरह गाजर 8–10 महीने तक आराम से चल सकती है. जब हलवा बनाना हो, सीधे फ्रीजर से निकालकर इस्तेमाल करें.

कद्दूकस की हुई गाजर को पोर्शन में फ्रीज करें

अगर आप अक्सर गाजर का हलवा बनाते हैं तो कद्दूकस की हुई गाजर को 1–1 कप के हिस्सों में पैक करें. छोटे-छोटे पैकेट बनाकर फ्रीजर में रखें. जरूरत के अनुसार एक पैकेट निकालें और इस्तेमाल करें. इससे बार-बार पूरा स्टॉक निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

हलवा बनाकर भी कर सकते हैं स्टोर

अगर समय हो तो पहले से हलवा बनाकर भी स्टोर कर सकते हैं. हलवा पूरी तरह ठंडा होने दें. एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रीजर में रखें. 1–2 महीने तक स्वाद बरकरार रहेगा. खाने से पहले माइक्रोवेव या गैस पर हल्का गर्म कर लें.

अचार के लिए गाजर स्टोर करना

अगर आप गाजर का अचार बनाना चाहते हैं. गाजर धोकर सुखा लें. टुकड़ों में काटकर धूप में 1–2 दिन हल्का सुखा लें. इसके बाद एयरटाइट कंटेनर में रखें या सीधे अचार बना लें.

ध्यान रखने वाली बातें

  1. गाजर में नमी बिल्कुल न रहे.
  2. फ्रीजर बैग से हवा निकालकर पैक करें.
  3. खराब या मुलायम गाजर स्टोर न करें.