शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में एंबुलेंस न मिलने के कारण एक गर्भवती महिला को ऑटो से अस्पताल ले जाना पड़ा। इस दौरान महिला ने रास्ते में ही चार बच्चों को जन्म दिया, लेकिन चिकित्सीय सहायता न मिलने की वजह से चारों नवजातों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मोहन यादव सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला है।

क्या जनता टैक्स इसीलिए देती है?

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधे सवाल किए हैं। सिंघार ने लिखा- “मोहन यादव जी, इन चार मासूमों की मौत का जिम्मेदार कौन है? क्या इसलिए जनता टैक्स देती है कि प्रसूता को एम्बुलेंस की जगह ऑटो मिले? कहाँ गई वह एयर एंबुलेंस जिसके नाम पर आप अपनी पीठ थपथपाते हैं? क्या आपकी सरकार में गरीब की ज़िंदगी की कोई कीमत नहीं बची?”

इवेंट्स पर करोड़ों खर्च, गरीब के लिए एंबुलेंस नहीं

सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार हेलीकॉप्टर, इवेंट और विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा सकती है, लेकिन एक गर्भवती महिला तक समय पर एक बुनियादी एम्बुलेंस नहीं पहुँचा सकती। उन्होंने इस घटना को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की संवेदनहीनता और सूबे की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है।

मध्य प्रदेश जवाब मांग रहा है

उमंग सिंघार ने अपने बयान के अंत में कहा कि इन चार मासूमों की मौत सिर्फ एक पीड़ित परिवार का दर्द नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की भाजपा सरकार के कुशासन का सबसे दर्दनाक और जीवंत प्रमाण है। इस लापरवाही और बदइंतजामी को लेकर आज पूरा मध्य प्रदेश सरकार से जवाब माँग रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m