प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुमान गांव में पांच आदिवासी बैगा बच्चों की मौत के मामले में आज कांग्रेस के छह सदस्यीय दल ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दल में चार विधायक सहित कांग्रेस के 6 सदस्य शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने बच्चों की मौत को गंभीर मामला बताते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
इसे भी पढ़ें : 5 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत से हड़कंप, कांग्रेस ने गठित की 7 सदस्यीय जांच समिति, गांव जाकर करेगी पड़ताल

कांग्रेस दल में मोहला-मानपुर विधायक इंदर साव मांडवी, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मांडवी, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल और पूर्व विधायक ममता चंद्राकर शामिल रहे।

दौरे के दौरान कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि पांचों बच्चों की मौत गंभीर कुपोषण के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बैगा परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। यदि योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा होता, तो ऐसी स्थिति को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकते थे।

कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वे बच्चों की मौत के मामले को लेकर राष्ट्रपति और राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस दल के इस दौरे के बाद कुमान गांव में बैगा बच्चों की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब इस मामले में बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उठ रहे सवालों पर शासन-प्रशासन की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होगी।
चार महीने में पांच बच्चों की मौत से मची खलबली
दरअसल, कबीरधाम जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र के ग्राम नंदनी कुमान में पिछले कुछ महीनों के दौरान पांच बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। इसके अलावा, गांव के करीब 16 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। ग्रामीणों ने किसी अज्ञात बीमारी की आशंका जताई है। वहीं मौतों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और चिकित्सकीय जानकारी सामने आने के बाद ही हो सकेगी। इस मामले के सामने आने के बाद सियासत भी गरमा गई। कांग्रेस ने मामले की पड़ताल करने के लिए जांच समिति गठित की।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

