सुशील खरे, रतलाम। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में सराफा व्यापारी के घर पर हुई जानलेवा फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का रतलाम पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से सुपारी देकर यह फायरिंग करवाई गई थी। मामले का मुख्य साजिशकर्ता फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी और एएसपी ने किया वारदात का खुलासा
शनिवार देर शाम पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकार वार्ता में एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश पंद्रो ने इस अंधेकत्ल की कोशिश का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचनाओं के आधार पर कड़ियों को जोड़ते हुए इस गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है। वारदात 19 जून को दोपहर लगभग 3.16 बजे सैफी नगर स्थित मकान नंबर 80 पर हुई थी। यह घर चांदनी चौक स्थित ‘श्री गणेश ज्वेलर्स’ के संचालक कमल सोनी का है। घटना के समय कमल सोनी अपने पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित व दिव्यांश और पुत्रवधू मौजूद थे।
खिड़की के पास खड़ी महिला पर चलाई थी गोली
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। मनीषा सोनी उस वक्त खिड़की के पास खड़ी थीं। उन्हें देखते ही एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से सीधे फायर कर दिया। गनीमत रही कि मनीषा सोनी ने तुरंत नीचे झुककर खुद को बचा लिया। गोली उनके सिर के ऊपर से निकलकर खिड़की के कांच को चीरती हुई अंदर जा घुसी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
मुख्य आरोपी फरार
गिरफ्तार आरोपियों में भोला पाटीदार, विनीत उर्फ चुचू बड़गोतिया, अजय उर्फ गट्टू चौहान, रविन्द्र राजन, कन्हैया नायक, फरार आरोपी विनोद उर्फ वीनू (पिता प्यारेलाल शर्मा) एवं अन्य सहयोगी। पुलिस ने दावा किया है कि मुख्य साजिशकर्ता विनोद उर्फ वीनू और उसके अन्य साथियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

