कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के धनवंतरी नगर क्षेत्र में युवा अधिवक्ता शिवम शर्मा की कार हादसे में हुई संदिग्ध मौत का मामला अब गरमा गया है। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने इसे केवल एक सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक (SP) को एक पत्र सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर जांच शुरू नहीं हुई तो वकील उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

कार एक्सीडेंट में युवा अधिवक्ता शिवम शर्मा की मौत

पूरा मामला धनवंतरी नगर इलाके का है, जहां बीते दिनों एक भीषण कार एक्सीडेंट में युवा अधिवक्ता शिवम शर्मा की जान चली गई थी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने इस घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। बार संगठन ने मांग की है कि हादसे के समय के सभी सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जाए, ताकि दुर्घटना की असली वजह सामने आ सके।

साजिश या आपराधिक पहलू का खुलासा हो

एसोसिएशन ने अपनी मांग में विशेष रूप से कार से मिले मृतक अधिवक्ता के मोबाइल और पर्स को लेकर भी गहराई से जांच करने की बात कही है। इसके अलावा हादसे के वक्त कार में साथ मौजूद व्यक्ति की भूमिका और उस दौरान बनी परिस्थितियों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है, ताकि किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू का खुलासा हो सके।

2 दिन का अल्टीमेटम और आंदोलन की चेतावनी

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को दो दिन के भीतर जांच शुरू करने का सख्त अल्टीमेटम दिया है। बार पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि यदि निर्धारित समय सीमा में पुलिस ने निष्पक्ष जांच की कार्रवाई शुरू नहीं की, तो वकील संघ अपनी मांग को लेकर सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m