दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने पिछले महीने जंतर-मंतर(Jantar- Mantar) पर आयोजित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली नाबालिग लड़की के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करने का फैसला किया है। इस मामले में लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद कार्रवाई की मांग उठने लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने रविवार को बताया कि मामले की जांच और कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद नाबालिग के खिलाफ FIR दर्ज नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने की आरोपी लड़की के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला दिल्ली पुलिस को भेजा था, क्योंकि कथित घटना दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में हुई थी। FIR में लड़की की उम्र 25 वर्ष दर्ज की गई थी। हालांकि बाद में लड़की ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। वीडियो में उसने दावा किया था कि उसकी वास्तविक उम्र 15 वर्ष है और वह प्रदर्शन में शामिल कुछ अन्य लोगों के बहकावे में आकर ऐसी टिप्पणियां कर बैठी थी। उसने अपने बयान पर खेद भी जताया था।
लड़की ने माफी मांगकर कहा– ‘मुझे माफ कर दीजिए‘
लड़की ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि वह केवल 15 साल की है। उसने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए देश से माफी भी मांगी। वीडियो में उसने कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो कुछ भी किया, वो माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत-सी गलत बातें कही हैं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मुझे बहुत शर्म आ रही है। मैं खुद से नजर भी नहीं मिला पा रही हूं। प्लीज, मुझे माफ कर दीजिए।” लड़की ने यह भी कहा था कि वह प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों के बहकावे में आकर ऐसी बातें कह बैठी थी। इसके बाद मामले ने और अधिक चर्चा बटोरी थी।
प्रधानमंत्री पहले ही कर चुके हैं माफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले शुक्रवार को एक इंस्टाग्राम वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्होंने उन सभी भटके हुए बच्चों को माफ कर दिया है, जिन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे बच्चों को सजा देने, अदालतों के चक्कर लगवाने और परेशान करने से परिस्थितियां नहीं बदलेंगी। उन्होंने कहा कि वह उन्हें माफ करना चाहते हैं और समाज से भी अपील करते हैं कि उनकी इस भावना को स्वीकार किया जाए।
लड़की की मां ने PM से की थी ये अपील
लड़की की मां ने प्रधानमंत्री से यह भी अनुरोध किया था कि उनकी बेटी के खिलाफ गलत नाम और गलत उम्र के आधार पर दर्ज एफआईआर को रद्द कराया जाए। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश करती हूं कि कृपया उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करा दें। अब वह आपकी शरण में है।” सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान लड़की की उम्र और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया। जांच में उसके नाबालिग होने की पुष्टि होने के बाद मामले को किशोर न्याय कानूनों और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत परखा गया। इसके बाद उसके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं करने का फैसला लिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


