Caste Census: भारत की आगामी जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने संसद में बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू होते ही जाति जनगणना नहीं होगी। इसके लिए दूसरे चरण का इंतजार करना होगा। राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि जाति से जुड़े प्रश्नों को जनगणना के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले अधिसूचित किया जाएगा।

गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में होने वाली जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी और जाति जनगणना दूसरे चरण के दौरान कराई जाएगी। मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में जनसंख्या की गणना का मुख्य कार्य फरवरी 2027 से शुरू होगा। हालांकि, पहाड़ी और बर्फीले राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ दुर्गम क्षेत्रों में यह प्रक्रिया सितंबर 2026 से ही शुरू कर दी जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि जनगणना से जुड़ी यह पूरी जानकारी दिसंबर 2025 में पहले ही सार्वजनिक कर दी गई थी, इसके बावजूद कुछ लोग इस मुद्दे पर जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

इसी वजह से केंद्र सरकार ने एक बार फिर बयान जारी कर जनगणना की तारीखों और पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट किया है। सरकार के मुताबिक, जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार की जाएगी और उनकी गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण के दौरान जाति जनगणना का कार्य किया जाएगा।

पहले चरण के दौरान क्या-क्या पूछे जाएंगे?

सरकार ने 22 जनवरी को जनगणना के पहले चरण में पूछे जाने वाले 33 सवालों को अधिसूचित किया था। इस चरण में घर से जुड़ी जानकारियां जुटाई जाएंगी, जिनमें घर में उपयोग की जाने वाली सामग्री, घर में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या, घर के मुखिया का लिंग, उपभोग किए जाने वाले अनाज का प्रकार, बुनियादी और आधुनिक सुविधाओं तक पहुंच, वाहनों के प्रकार सहित अन्य विवरण शामिल हैं।  हाउसलिस्टिंग का काम इस साल 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच किया जाएगा। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने स्तर पर तय 30 दिनों की अवधि में यह प्रक्रिया पूरी करेगा। हाउसलिस्टिंग शुरू होने से ठीक 15 दिन पहले नागरिकों को स्वयं जानकारी भरने (सेल्फ-एन्यूमरेशन) का विकल्प भी दिया जाएगा।

अखिलेश का हमला

इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भाजपा पर जाति जनगणना को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। अखिलेश ने कहा था कि भाजपा का जाति जनगणना कराने का कोई इरादा नहीं है और वह पीडीए समुदाय को धोखा दे रही है। एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होंने दावा किया था कि जनगणना के नोटिफिकेशन में जाति से जुड़ा कोई कॉलम ही नहीं है। वहीं, कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सरकार से सवाल किए थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m