MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9:05 बजे भोपाल से उदयपुर के लिए रवाना होंगे। सुबह 10.45 बजे उदयपुर से भीलवाड़ा पहुंचेंगे। मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर भीलवाड़ा में इंटरैक्टिव सेशन होगा। जहां सीएम उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 3.25 बजे उदयपुर से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। डुमना एयरपोर्ट से सागर की रेहली के लिए रवाना होंगे। रेहली में 218 ‘रहस मेला’ और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम डॉ मोहन यादव शाम 5:45 बजे सागर से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट जाएंगे। यहां से फिर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट जौरा मॉल के पास स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रात 8.50 बजे वापस भोपाल पहुंचेंगे।
एमपी विधानसभा बजट सत्र का 9वां दिन आज
मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज 9वां दिन है। सदन में गुरुवार को स्कूलों में अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठेगा। ध्यानाकर्षण में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया स्कूलों का मुद्दा उठाएंगे। ध्यानाकर्षण में विधायक अभय मिश्रा रीवा में बिजली कार्यों में अनियमितता का मामला उठाएंगे। विधानसभा में 2 ध्यानार्कषण, 70 याचिकाएं भी पटल पर रखी जाएगी। आज भी सदन में 5 घंटे तक बजट पर चर्चा होगी।
माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती का परिणाम जारी
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने माइनिंग इंस्पेक्टर परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया हैं। बुधवार को जारी किए गए परिणाम में चौंकाने वाला तथ्य सामने आए है। दरअसल, MPPSC को सभी 85 पदों के लिए पर्याप्त योग्य उम्मीदवार नहीं मिल सके। 11 पद ऐसे हैं, जिन पर इंटरव्यू के लिए एक भी उपयुक्त अभ्यर्थी चयनित नहीं हुआ। फिलहाल ये पद रिक्त रहेंगे। आपको बता दें कि रिजल्ट जारी होने से लगभग 24 घंटे पहले ही एमपीपीएससी ने पदों की संख्या 13 से बढ़ाकर 85 कर दी थी। गौरतलब है कि मार्च 2025 में खनिज एवं साधन विभाग के तहत भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। 2 मई से 1 जून 2025 तक आवेदन लिए गए। 21 दिसंबर 2025 को लिखित परीक्षा हुई। वहीं इंटरव्यू मई या जून 2026 में हो सकता है।
1 मार्च को होगी MP SET 2025 परीक्षा
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (MP SET 2025) 1 मार्च को होगी। यह एग्जाम एमपी के 12 संभागीय मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 31 विषयों हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, विज्ञान, वाणिज्य आदि के लिए आयोजित की जा रही है। एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिड कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
भोपाल में तीन दिवसीय युवा वैज्ञानिक सम्मेलन आज से
मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से 41वें मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 26 से 28 फरवरी तक भोपाल में होगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों, शोधार्थियों को विज्ञान-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शोध और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना है। इस सम्मेलन में 300 से ज्यादा युवा शोधार्थियों विज्ञान और प्रौद्योगिकी के 18 विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।
7 मार्च तक होगा पंजीयन
मध्य प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदे के लिये अब तक 4 लाख 42 हजार 288 किसानों ने पंजीयन कराया है। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 7 मार्च निर्धारित की गई है। यानी किसान 7 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं।

