मानसा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मानसा दौरे के बाद इस केस में बड़ा बदलाव नजर आया है.
मंगलवार देर रात CBI की टीम मानसा पहुंची और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया. मानसा पुलिस ने हत्याकांड से जुड़ी फाइल टीम को सौंप दी है. अब बुधवार को CBI की टीम झोटा के परिजनों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज करेगी. अचानक समय से पहले CBI का मानसा पहुंचा एक बड़ा संकेत है झोटा के परिजनों के लिए मानसिक शांति देने वाला है.

आपको बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलने पहुंचे थे इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि मामले की गहराई से जांच करवाई जाएगी और बुधवार को 12 बजे तक CBI की टीम मानसा पहुंच जाएगी लेकिन इस बीच शाह के पंजाब से रवाना होने के करीब 6 घंटे बाद ही CBI की टीम मानसा पहुंच गई. अचानक रात को टीम का आना सभी के लिए अचंभा भरा रहा. अधिकारियों ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है. टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर केस से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं.

परिजनो ने की थी मांग

जानकारी हो कि इस मामले में परविंदर सिंह झोटा के परिजनों की मांग पर हत्याकांड की जांच पंजाब पुलिस से CBI को सौंपने का फैसला लिया गया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी थी. अब CBI की टीम मामले से जुड़े तथ्यों और सबूतों की जांच करेगी. बुधवार को झोटा के परिवार से मुलाकात के दौरान उनके बयान भी दर्ज किए जाने की संभावना है.

अंतिम संस्कार से इनकार

परविंदर सिंह झोटा के परिवार और समर्थकों का धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी है. अब तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है. झोटा के पिता भीम सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा. बता दें कि 13 अक्टूबर को केमिस्ट अश्विनी कुमार ने परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद से ही परिवार और समर्थक न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. अब CBI जांच शुरू होने से परिवार को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है.