कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई (कटगोड़ी) तिहरे हत्याकांड की अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार और विपक्ष लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। मंगलवार को छत्तीसगढ़ सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा-6 के तहत मामले की जांच के लिए सीबीआई को सहमति प्रदान कर दी है।
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, थाना सोनहत में दर्ज अपराध क्रमांक 65/2026 और 66/2026 की जांच अब सीबीआई करेगी। इसके लिए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना के सदस्यों के अधिकार क्षेत्र का विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में कर दिया गया है।

16 जून की रात हुई थी सनसनीखेज वारदात
बता दें कि कोरिया जिले के ग्राम कटगोड़ी में 16-17 जून की दरम्यानी रात यह सनसनीखेज घटना हुई थी। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने तीनों को बुलाया और उन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेरकर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था।
हत्याकांड में सभी 9 आरोपी गिरफ्तार
मामले में कार्रवाई करते हुए कोरिया पुलिस ने तिहरे हत्याकांड के सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरपियों के नाम
मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने पूर्व में मनेंद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था। इसके अलावा अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

