अजय सैनी, भिवानी. चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के सामने प्रेमनगर धरना स्थल पर लंबे समय से आंदोलनरत ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को एक बार फिर सडक़ों पर देखने को मिला। अपनी विभिन्न मांगों और सरकार की वादाखिलाफी से नाराज ग्रामीणों ने रोष स्वरूप पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का पुतला फूंका और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन से पूर्व धरना स्थल पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक सभा का आयोजन किया और जोरदार हुंकार भरी।
धरनास्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए युवा आशीष कुमार ने सरकार पर सीधे प्रहार किए और आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ग्रामीणों के साथ धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के भूमि पूजन के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रेमनगर गांव की 131 एकड़ उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण किया था। उस दौरान सरकार की ओर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि जमीन देने वाले परिवारों और गांव के लोगों को नौकरियों में प्राथमिकता एवं आरक्षण दिया जाएगा। गांव में रुकी हुई चकबंदी का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। प्रेमनगर गांव का समग्र विकास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने जमीन के बदले नौकरी और गांव के सर्वांगीण विकास का झूठा वादा करके प्रेमनगर की 131 एकड़ जमीन ले ली। लेकिन आज इतने साल बीत जाने के बाद भी एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। नौकरियों में आरक्षण और प्राथमिकताओं को दरकिनार कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण के बाद से ही नौकरियों में आरक्षण और प्राथमिकताओं की मांग को लेकर सीबीएलयू के समक्ष प्रेमनगर के ग्रामीण पिछले 6 वर्षों से लगातार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। इसके बावजूद सरकार या प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
संबोधन समाप्त होने के उपरांत उग्र ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय परिसर के बाहर मुख्य मार्ग पर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला जलाया। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भूमि अधिग्रहण के समय की गई घोषणाओं को अमल में नहीं लाया गया, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक उग्र रूप धारण करेगा।

इस अवसर पर दीपक बूरा, सोमबीर सेठ, राजकुमार कोच, जिले सिंह, सुखबीर ढ़ांडा, जुगप्रवेश, जगदीश, राजेंद्र, नरेंद्र फौगाट, राजेश बूरा, संदीप, राजपाल, बलबीर ड्राईवर, विनोद, सतबीर पहलवान, उदयभान, अशोक, राजकुमार कोच, साहिल, आशीष, शुभकरण, विकास, रजत, संजीत सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे
- Weather Update: एमपी में नए वेदर सिस्टम सक्रिय, ग्वालियर-चंबल से लेकर जबलपुर तक आंधी-तूफान और गरज-चमक के आसार
- Morning News Brief: ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश; INDIA गठबंधन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन फिलहाल स्थगित किया
- CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज!
- MP Morning News: आज नवरात्रि का चौथा दिन, लाडली बहनों के खातों में आएंगे 1500 रुपए, सीएम के कई कार्यक्रम, रेवेन्यू कलेक्शन बढ़ा, राष्ट्रीय पोषण माह में एमपी तीसरे स्थान पर
- UP WEATHER TODAY : मानसून पर लगा ब्रेक, आज शुष्क रहेगा मौसम, तापमान में गिरावट शुरू

