अजय सैनी, भिवानी. इनसो के जिला अध्यक्ष जयदीप ग्रेवाल ने चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं, घटती दाखिला संख्या एवं परीक्षा नियंत्रक नियुक्ति की मांग को लेकर उपायुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इनसो जिला प्रधान जयदीप ग्रेवाल ने बताया कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में वित्तीय पारदर्शिता, शैक्षणिक व्यवस्था एवं परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता को लेकर कई गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।

विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्था है। इसलिए विश्वविद्यालय के वित्तीय लेन-देन, प्रशासनिक नियुक्तियों एवं परीक्षा संबंधी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में हुए वित्तीय लेन-देन एवं बजट संबंधी कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करवाई जाए, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विस्तृत श्वेत पत्र जारी करवाया जाए। पिछले कुछ वर्षों के दाखिला आंकड़ों की समीक्षा करवाई जाए ताकि यह पता चल के कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में आई गिरावट के पीछे क्या कारण है।

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, परीक्षा व्यवस्था, समय पर परिणाम एवं डीएमसी जारी करने की प्रक्रिया व विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की समीक्षा की जाए। पवन गुप्ता के संबंध में एचपीएससी डेंटल सर्जन भर्ती परीक्षा से जुड़े कथित मामले को लेकर उठ रहे सवालों की अधिकारिक स्थिति स्पष्ट की जाए, संबंधित मामले में आरोपों, उपलब्ध अधिकारिक अभिलेखों तथा वर्तमान कानूनी स्थिति की जांच करवाई जाए।

परीक्ष नियंतत्रक का पदक विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली का अत्यंत महत्वपूर्ण पद है जिसका सीधा संबंध विद्यार्थियों के भविष्य से होता है। इसलिए संबंधित नियुक्ति एवं पद पर बने रहने की पात्रता की निष्पक्ष समीक्षा करवाई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर अमित, अंकित, प्रतिक पूनिया, प्रदीप, मोंटी दुधवा, हर्ष, सोहित गुर्जर, अमन खरकिया समेत अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।